01 August, 2014

शिक्षामित्रों का समायोजनः नहीं मिली नौकरी, होगा बवाल

राज्य सरकार के आदेश का पालन उसके मातहत ही नहीं कर रहे हैं। यही कारण है कि तय अवधि बृहस्पतिवार को भी प्रशिक्षण प्राप्त सभी शिक्षा मित्रों को सहायक अध्यापक के पद पर समायोजित करने का नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा सका।

शिक्षा मित्रों ने जहां इसका विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है, वहीं सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने कहा है कि जिलों को निर्देश दिया जा चुका है और जल्द ही पात्रों के समायोजन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

यह दिया गया था आदेश

 
प्राइमरी स्कूलों में कार्यरत 1.70 लाख शिक्षा मित्रों को चरणबद्ध तरीके से दो वर्षीय बीटीसी प्रशिक्षण देते हुए समायोजित किया जाना है।

बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके आधार पर पहले चरण में 58,826 शिक्षा मित्रों को 31 जुलाई तक समायोजित करने का आदेश बेसिक शिक्षा अधिकारियों को दिया था।

इसके बाद भी प्रदेश के अधिकतर जिलों में समायोजन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई।

नियुक्ति पत्र न मिलने पर कार्रवाई

 आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र शाही ने कहा है कि शासनादेश के बाद भी नियुक्ति पत्र जारी न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश मंत्री कौशल कुमार सिंह ने दावा किया है कि बलरामपुर, भदोही, बस्ती व कुशीनगर को छोड़कर अधिकतर जिलों में नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया।

धरना प्रदर्शन की चेतावनी

 उत्तर प्रदेश दूरस्थ बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने मांग की है कि शासन के आदेश का पालन न करने वाले बेसिक शिक्षा अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।

उत्तर प्रदेश शिक्षा मित्र शिक्षक कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा ने 5 अगस्त को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना देने की चेतावनी दी है।
News Source - Amar Ujala

शिक्षामित्रों का समायोजनः नहीं मिली नौकरी, होगा बवाल Rating: 4.5 Diposkan Oleh: latestuptetnews

0 comments: